जयपुर। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में बाइक राइडर को ऑफलाइन राइड बुक कर सुनसान स्थान पर ले जाकर लूट की वारदात का मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले राइड बुक की और करीब 15 किलोमीटर दूर ले जाकर अपने साथियों के साथ मिलकर राइडर से मारपीट की। इसके बाद उसकी बाइक, मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
खोह नागोरियान थाने के हेड कांस्टेबल हरि सिंह ने बताया कि पीड़ित सचिन मीना (20) निवासी महवा जिला दौसा बाइक राइडर का काम करता है। उसकी ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार रात करीब 12 बजे गांधी नगर रेलवे स्टेशन से एक युवक ने ऑफलाइन बाइक राइड बुक की। वह राइडर को गांधी नगर रेलवे स्टेशन से करीब 15 किलोमीटर दूर जेएनयू अस्पताल क्षेत्र तक लेकर गया।
शिकायत के अनुसार अस्पताल से कुछ दूरी पर सुनसान स्थान पर पहले से उसके दो साथी मौजूद थे। वहां पहुंचते ही ग्राहक बनकर बैठे युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर सचिन के साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाश उसकी जेब में रखे पांच हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और बाइक छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित किसी तरह थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



















