सड़क पार कर रहे युवक की एक्सयूवी की चपेट में आने से मौत

0
116

जयपुर। नारायण विहार थाना क्षेत्र में कार टच होने के मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। कार सवारों की मारपीट से बचने के लिए सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार एक्सयूवी ने टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद वाहन उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

थानाधिकारी गुंजन सोनी ने बताया कि मृतक की पहचान मानसरोवर के मांग्यावास निवासी अतुल मंडल (24) के रूप में हुई है। वह कंप्यूटर डिजाइनिंग का कार्य करता था। परिजनों की ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार अतुल ने कुछ दिन पहले ही नारायण विहार क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट शुरू किया था। वह अपनी ब्रेजा कार से रेस्टोरेंट से घर लौट रहा था।

वहीं रास्ते में वंदे मातरम रोड स्थित नारायण पेट्रोल पंप के पास कार बैक करते समय उसकी गाड़ी पीछे खड़ी एक अन्य कार से टच हो गई। इस बात से नाराज दूसरी कार में सवार लोगों ने उसका पीछा कर वाहन रुकवाया और नीचे उतारकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट से बचने के लिए अतुल सड़क पार कर भागने लगा। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक एक्सयूवी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा और एक्सयूवी उसके ऊपर से गुजर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद मारपीट करने वाले कार सवार और एक्सयूवी चालक दोनों मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अतुल को जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को जयपुरिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा कर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा फरार कार सवारों और एक्सयूवी चालक की तलाश में जुटी है। मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here