जयपुर। ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर (जेएएस) की ओर से आयोजित 18वें ज्वेलरी एमिनेंस अवॉर्ड्स (जेईए)-2026 में देशभर के उत्कृष्ट आभूषण डिजाइनरों, ज्वेलर्स, कारीगरों और उद्योग से जुड़े पेशेवरों को सम्मानित किया गया। नोवोटेल जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी), सीतापुरा में शनिवार रात आयोजित भव्य गाला नाइट में मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
जेएएस के अध्यक्ष राजू अग्रवाल मंगोड़ीवाला ने कहा कि जेएएस-द प्रीमियम बी2बी शो का उद्देश्य जयपुर की जेम्स एवं ज्वेलरी इंडस्ट्री को वैश्विक पहचान दिलाना है। ज्वेलरी एमिनेंस अवॉर्ड्स के माध्यम से अनुभवी और युवा डिजाइनरों को प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा हर वर्ष प्रतिभागियों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि विजेताओं का चयन विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाता है।
समारोह को जेएएस के संयोजक अशोक माहेश्वरी, मानद सचिव अजय गोधा तथा जेईए समन्वयक नरेश अग्रोया ने भी संबोधित किया। मुख्य अतिथि अनुराग सिंह ठाकुर ने भारतीय आभूषण उद्योग की रचनात्मकता, नवाचार और उत्कृष्ट शिल्पकला की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय ज्वेलरी उद्योग वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। समारोह में अभिनेत्री युविका चौधरी सेलिब्रिटी अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
इस अवसर पर भारतीय रत्न एवं आभूषण उद्योग में आजीवन योगदान के लिए केजीके ग्रुप के चेयरमैन नवरतन कोठारी को जेईए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट शिल्पकला के लिए अवतार सिंह तलवार और अबीउद्दीन को स्पेशल आर्टिजन अवॉर्ड प्रदान किया गया।
वहीं अंतरराष्ट्रीय आभूषण व्यापार को बढ़ावा देने में योगदान के लिए के.पी. अब्दुल सलाम, वाइस चेयरमैन एवं जीईडी, मालाबार ग्रुप को जेएएस ग्लोबल ज्वेलरी रिटेल लीडरशिप अवॉर्ड तथा तौहीद अब्दुल्ला, चेयरमैन, दुबई ज्वेलरी ग्रुप को जेएएस आर्किटेक्ट ऑफ ऑर्गनाइज्ड ज्वेलरी रिटेल इन द मिडिल ईस्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 18 प्रमुख श्रेणियों में दिए गए ज्वेलरी एमिनेंस अवॉर्ड्स रहे, जिनमें उत्कृष्ट आभूषण डिजाइन, प्राकृतिक रत्न, नवाचार और शिल्प कौशल के लिए विजेताओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में जेएएस और जेईए की यात्रा पर आधारित विशेष फिल्में भी प्रदर्शित की गईं। पदाधिकारियों ने कहा कि यह मंच देश में आभूषण डिजाइन और शिल्पकला को सम्मानित करने वाला प्रतिष्ठित मंच बन चुका है तथा नवाचार, पारंपरिक शिल्प संरक्षण और युवा प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए संस्था प्रतिबद्ध है।
इधर जेएएस-द प्रीमियम बी2बी शो-2026 ने भी सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया। सीतापुरा स्थित जेईसीसी में आयोजित प्रदर्शनी में रंगीन रत्नों, कुंदन-मीना, पोल्की, डायमंड एवं कलर स्टोन ज्वेलरी के आकर्षक डिजाइन देश-विदेश के खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं। प्रदर्शनी में एमराल्ड सहित करीब 300 प्रकार के रंगीन रत्न प्रदर्शित किए गए हैं। जेएएस अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला ने बताया कि दो दिनों में करीब 15 हजार ट्रेड विजिटर्स ने शो का भ्रमण किया। अच्छी बुकिंग और ऑर्डर मिलने से प्रदर्शकों में उत्साह है।



















