जयपुर। शहरवासियों को यातायात संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जयपुर पुलिस ने अजमेरी गेट स्थित यादगार भवन में एकीकृत यातायात जन-सुविधा केंद्र की शुरुआत की है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने केंद्र का शुभारंभ किया।
शुभारंभ के अवसर पर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि यह केंद्र आमजन की सुविधा को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है। अब यातायात से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि हाल ही में यातायात पुलिस के वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने यादगार भवन परिसर में संचालित विभिन्न शाखाओं को एकीकृत करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद इस जन-सुविधा केंद्र को विकसित किया गया।
पहले चालान, एनओसी, शिकायत, काउंसलिंग और अन्य कार्यों के लिए अलग-अलग कमरों में जाना पड़ता था, जिससे लोगों को असुविधा होती थी। अब सभी शाखाओं को एक ही स्थान से संचालित किया जा रहा है।
इस केंद्र में चालान निस्तारण, मोटर वाहन अधिनियम के तहत लाइसेंस निलंबन संबंधी कार्य, यातायात से जुड़े परिवाद एवं शिकायतों का निस्तारण, एनओसी जारी करना, यातायात नियमों की जानकारी एवं जागरूकता सामग्री उपलब्ध कराना तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की ट्रैफिक काउंसलिंग जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) समीर कुमार, रानू शर्मा, डॉ. हेमंत जाखड़, डॉ. हरिप्रसाद सोमानी सहित यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



















