दोस्त की मौत के सदमे में छात्रा ने दी जान: अंतिम संस्कार से लौटकर लगाई फांसी

0
37

जयपुर। जवाहर नगर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय बीए की छात्रा ने अपने दोस्त की सड़क हादसे में मौत से आहत होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा शनिवार को दोस्त के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौटी थी। कमरे से पुलिस को एक पृष्ठ का सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

थानाधिकारी सरला यादव ने बताया कि छात्रा जवाहर नगर स्थित एक गेस्ट हाउस में किराए पर रहती थी। शनिवार देर शाम उसकी सहेली उससे मिलने पहुंची। कमरे का दरवाजा बंद होने पर उसने डिजिटल लॉक का पासवर्ड डालकर दरवाजा खोला तो छात्रा चुन्नी के फंदे से लटकी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। कमरे से मोटे अक्षरों में लिखा एक पृष्ठ का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार छात्रा की सहेली ने बताया कि दोनों की दोस्ती करीब 10 दिन पहले हुई थी। छात्रा पहले हॉस्टल में रहती थी और करीब एक माह पहले ही गेस्ट हाउस में रहने आई थी। उसका एक युवक से करीबी परिचय था, जिसकी शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस घटना से वह गहरे सदमे में थी। शनिवार को वह सहेली के साथ युवक के गांव अंतिम संस्कार में शामिल होने गई थी। वहां से लौटने के बाद वह लगातार रो रही थी। सहेली ने उसका मन बहलाने का प्रयास किया और कुछ देर के लिए बाहर चली गई। लौटने पर छात्रा मृत अवस्था में मिली।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक युवक जयपुर ग्रामीण क्षेत्र का निवासी था। शुक्रवार रात वह अपने एक दोस्त के साथ थार वाहन से जयपुर आया था। हसनपुरा क्षेत्र में तेज गति के कारण थार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एयरबैग खुलने के बावजूद युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।

सदर थाना पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर लिया था। शनिवार सुबह युवक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया था। उसके कुछ घंटे बाद छात्रा ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य परिस्थितियों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here