हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा-2022 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर नौकरी पाने वाला गिरफ्तार

0
193

जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा-2022 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर चयनित होने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा में फर्जीवाड़ा कर सरकारी सेवा में नियुक्त हो गया था, जिसे बाद में न्यायालय के आदेश पर सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल ने बताया कि हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा-2022 की लिखित परीक्षा 19 मार्च 2023 को आयोजित हुई थी। जांच में सामने आया कि दौसा जिले के महुआ थाना क्षेत्र के टिकरी जाफरान निवासी ब्रजेश कुमार मीणा (27) ने अपने स्थान पर डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा दिलवाई थी। इसके लिए पेपर लीक गिरोह के सरगना हर्षवर्धन मीणा से चार लाख रुपये में सौदा किया गया था।

जांच के अनुसार 19 मार्च 2023 को दौसा स्थित रामकरण जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लालसोट रोड परीक्षा केंद्र पर डमी अभ्यर्थी ने ब्रजेश कुमार मीणा के स्थान पर परीक्षा दी। फर्जीवाड़े के जरिए ब्रजेश का एलडीसी पद पर चयन हो गया और बाद में उसकी नियुक्ति धौलपुर में एसीजेएम कोर्ट, बाड़ी में हुई। हालांकि मामले का खुलासा होने पर न्यायालय ने उसे सरकारी सेवा से निष्कासित कर दिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके स्थान पर महेंद्र कुमार नामक डमी अभ्यर्थी ने कूटरचित हस्ताक्षरों के जरिए परीक्षा दी थी, जिससे उसे अनुचित लाभ मिला। इस संबंध में एसओजी थाना, जयपुर में दर्ज प्रकरण की जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहन चौधरी ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार किया।

एसओजी के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अन्य भर्ती परीक्षाओं में भी पेपर लीक और डमी अभ्यर्थियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। इन तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here