जयपुर। श्री हनुमान चालीसा प्रबंध समिति के तत्वावधान में शनिवार, 11 जुलाई को भांकरोटा स्थित हेरिटेज रिसोर्ट में एक अनूठे और भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन होने जा रहा है। यहाँ श्रद्धालु एक ही आसन पर बैठकर सामूहिक रूप से 108 श्री हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इस महा-आयोजन को लेकर शुक्रवार को सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए समिति के संस्थापक संत अमरनाथ महाराज के सान्निध्य में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और अन्य धार्मिक नियमों से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा कर उन्हें अंतिम रूप दिया गया। समिति के मुख्य संरक्षक श्याम सुन्दर मोसूण, संरक्षक रामस्वरूप यादव एवं सरदार राजन सिंह ने विश्वास जताया कि यह आयोजन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व रूप से संपन्न होगा। सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं।
समिति के सदस्य महेश बम्ब और पंकज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सामूहिक पाठ को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और बड़ी संख्या में भक्तों के इसमें भाग लेने की उम्मीद है। इस पावन अवसर पर हनुमान चालीसा का पाठ करने वाले सभी साधकों का समिति की ओर से विशेष सम्मान भी किया जाएगा।
तैयारियों को लेकर आयोजित हुई इस बैठक में समिति के राधेश्याम बैराठी, मुकेश कुमावत, रामावतार छीपा, राजेश विजयवर्गीय, बिरदी चंद जांगिड़, नाथू शर्मा, योगेन्द्र नीखरा, लोकेश कुमावत, बिरदी चंद दंबीवाल, शैलेन्द्र यादव, हंसराज कुमावत, रविन्द्र खंगारोत, सीताराम विजयवर्गीय सहित कई अन्य सदस्य और सेवादार उपस्थित रहे।



















