जयपुर। जगन्नाथ सेवक समिति, जयपुर की ओर से गुरुवार की शाम निकाली जाने वाली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर शहर के परकोटा क्षेत्र में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। रथ यात्रा के दौरान शाम 4:30 बजे से विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा और कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
रथ यात्रा श्री गोविंद देवजी मंदिर परिसर से शाम 4:30 बजे रवाना होकर जलेबी चौक, हवामहल, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़ और आतिश मार्केट होते हुए बृजनिधि मंदिर पहुंचेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार रथ यात्रा के रवाना होने से पहले ही जलेबी चौक की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर पहुंचने के दौरान सुभाष चौक, बड़ी चौपड़, रामगंज चौपड़, सांगानेरी गेट, त्रिपोलिया, न्यू गेट, छोटी चौपड़, अजमेरी गेट, चौगान चौराहा और संजय सर्किल से आने वाले यातायात को समानांतर मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
शाम 4 बजे से हवामहल बाजार, जौहरी बाजार और त्रिपोलिया बाजार में सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पर रोक रहेगी। वहीं घाटगेट चौराहा, बड़ी चौपड़, रामगढ़ मोड़, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट, संजय सर्किल और गलता गेट से परकोटे में टेंपो, मिनी सिटी बसों और अन्य मध्यम श्रेणी के वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।
यात्रा के दौरान सांगानेरी गेट और संजय सर्किल से आमेर जाने वाली मिनी व सिटी बसों को घाटगेट, ट्रांसपोर्ट नगर, दिल्ली बाइपास, धोबी घाट और रामगढ़ मोड़ होकर संचालित किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रथ यात्रा के दौरान भीड़भाड़ और असुविधा से बचने के लिए समानांतर मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।



















