अक्षरधाम मंदिर से निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा

0
62
Grand Rath Yatra of Lord Jagannath taken out from Akshardham Temple.
Grand Rath Yatra of Lord Jagannath taken out from Akshardham Temple.

जयपुर। वैशाली नगर स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। गाजे-बाजों, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच निकली रथयात्रा में 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन किए।

रथयात्रा में दो सुसज्जित रथ आकर्षण का केंद्र रहे। पहले रथ में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा विराजमान थे, जबकि दूसरे रथ में श्री अक्षर पुरुषोत्तम महाराज की दिव्य झांकी सजाई गई। भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संतों द्वारा पूजन और आरती से हुई। यात्रा के दौरान बालकों ने रथ के समक्ष मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर भक्तिमय वातावरण बना दिया।

संतों ने श्रद्धापूर्वक भगवान का रथ खींचा, जिसके बाद हरिभक्तों को भी रथ खींचने का अवसर मिला। इस वर्ष की रथयात्रा का विशेष आकर्षण सद्गुरु पूज्य भक्तिप्रियदास स्वामीजी की पहली बार रही पावन उपस्थिति रही।

समापन अवसर पर पूज्य स्वामीजी ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि जैसे महाभारत में अर्जुन ने अपने जीवन रूपी रथ का सारथी भगवान श्रीकृष्ण को बनाया था, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को भी अपने जीवन का सारथी भगवान को बनाना चाहिए। जब भगवान जीवन का मार्गदर्शन करते हैं तो अनेक समस्याओं का समाधान सहज हो जाता है और जीवन सुख, शांति तथा आध्यात्मिक उन्नति की ओर बढ़ता है। उन्होंने कहा कि भगवान की आज्ञाओं का पालन ही उन्हें जीवन का सारथी बनाने का वास्तविक मार्ग है, जिससे अंततः अक्षरधाम की प्राप्ति संभव होती है।

रथयात्रा के दौरान महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक कलश यात्रा भी निकाली, जिसने आयोजन की भव्यता में और वृद्धि की। यात्रा जिस-जिस मार्ग से होकर गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने घरों, बालकनियों और आंगनों से भगवान के दर्शन कर प्रणाम किया। मार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों ने भी रथ के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

रथयात्रा के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन में जयपुर पुलिस प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते संपूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। जन-जन की आस्था और उत्साह से सराबोर यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बन गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here