अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर घायल

0
46

जयपुर। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में जयपुर-चौमूं राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार ने एक और जान ले ली। राजावास पुलिया के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार दोनों युवक बाइक से जयपुर से चौमूं की ओर जा रहे थे। राजावास पुलिया के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कई मीटर दूर जा गिरी और दोनों युवक सड़क पर उछलकर गिर पड़े। हादसे में एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलने पर टांटियावास टोल प्लाजा की एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को चौमूं के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक का उपचार जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक और लोगों की भीड़ के कारण जयपुर-चौमूं हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया और दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहन हटवाया।

पुलिस के अनुसार मृतक और घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना देकर पहचान के प्रयास शुरू किए हैं। वहीं, फरार अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here