जयपुर। जिला अंधता निवारण समिति एवं एसआरके ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर में 40 मरीजों की सफल सर्जरी कर लेंस प्रत्यारोपित किए गए। सभी ऑपरेशन वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुभूति शर्मा एवं डॉ. नीलम के निर्देशन में आधुनिक तकनीक से किए गए। सफल ऑपरेशन के बाद मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख एवं परामर्श प्रदान किया गया तथा अगले दिन स्वस्थ अवस्था में उन्हें घर के लिए रवाना कर दिया गया।
डॉ. अनुभूति शर्मा ने बताया कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल द्वारा प्रत्येक माह एक दिन पूर्णतः निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित किया जाता है। इस पहल के माध्यम से अब तक 10 हजार से अधिक मरीजों की सफल नेत्र सर्जरी कर उनकी दृष्टि वापस लौटाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि समय पर मोतियाबिंद का उपचार कराने से आंखों की रोशनी सुरक्षित रखी जा सकती है और लोगों को अंधत्व से बचाया जा सकता है।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि शिविर का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि लोगों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। मरीजों को ऑपरेशन के बाद आंखों की देखभाल, नियमित जांच और चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने की सलाह दी गई। अस्पताल की इस सामाजिक पहल की मरीजों और उनके परिजनों ने सराहना करते हुए चिकित्सकों एवं चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया।



















