जैन धर्म का शाश्वत पर्व ‘अष्टानिका महापर्व’ आज से शुरू

0
64

जयपुर। जैन धर्म का आठ दिवसीय शाश्वत पर्व ‘अष्टानिका महापर्व’ मंगलवार, 21 जुलाई से पूर्ण श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो रहा है। इस बार तिथि वृद्धि के कारण यह महापर्व 8 के बजाय 9 दिनों तक मनाया जाएगा। पर्व के दौरान शहर भर के दिगम्बर जैन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और विविध धार्मिक आयोजनों की धूम रहेगी।

राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि अष्टानिका महापर्व का शुभारंभ मंगलवार, 21 जुलाई को ध्वजारोहण के साथ होगा। 9 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक उत्सव का समापन बुधवार, 29 जुलाई को ‘विश्व शांति महायज्ञ’ के साथ किया जाएगा।

महापर्व के दौरान दिगम्बर जैन मंदिरों और चातुर्मास स्थलों में प्रातःकाल: श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान पूजा, श्री नंदीश्वर महामंडल विधान पूजा, श्री इंद्र ध्वज विधान पूजा एवं दिगम्बर जैन संतों के मंगल प्रवचन होगा। वहीं सायंकाल: भव्य महाआरती, भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

गोपालजी का रास्ता स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर कालाडेरा, लालकोठी स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, टोडरमल स्मारक, अग्रवाल फार्म स्थित श्री पार्श्वनाथ मंदिर, तारों की कूट सूर्य नगर स्थित श्री शांतिनाथ मंदिर, शांतिनाथ जी की खोह तथा जगतपुरा स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर सहित शहर के कई मंदिरों में विशेष अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

विनोद जैन कोटखावदा ने आगे बताया कि अष्टानिका महापर्व के समापन के साथ ही दो अन्य प्रमुख पर्व भी श्रद्धा के साथ मनाए जाएंगे। बुधवार, 29 जुलाई को जैन धर्मावलंबियों द्वारा गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया जाएगा।

इस अवसर पर चातुर्मास स्थलों पर प्रवासरत दिगम्बर जैन संतों एवं आर्यिका माताओं की विशेष पूजा-अर्चना कर गुरु भक्ति की जाएगी। गुरुवार, 30 जुलाई को वीर शासन जयंती मनाई जाएगी। इस दिन चातुर्मास स्थलों पर दिगम्बर जैन संतों द्वारा जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के उपदेशों पर विशेष प्रवचन प्रस्तुत किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here