जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के भोपाल में करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में वांछित अंतरराज्यीय नकबजन को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। पुलिस की प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित जयपुर में किराये का कमरा लेकर फरारी काट रहा था और अपने अन्य फरार साथियों के साथ शहर में बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि झोटवाड़ा थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश के भोपाल में करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में वांछित अंतरराज्यीय नकबजन शाहरुख कुरैशी (30) निवासी निशातपुरा जिला भोपाल (मध्य प्रदेश) तथा नांगल पुलिया झोटवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपित ने अपने करीब एक दर्जन साथियों के साथ मिलकर 26 दिसंबर 2025 को भोपाल के एक रिहायशी इलाके में हथियारों के बल पर करोड़ों रुपये की डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के दौरान आरोपियों ने मकान में मौजूद पालतू कुत्तों को मांस खिलाकर उन्हें शांत कर दिया था, ताकि किसी प्रकार का विरोध या शोर न हो सके। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपित जयपुर में किराये का कमरा लेकर रह रहा था और अपने फरार साथियों के साथ मिलकर शहर में बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी रायसल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों पर लगातार निगरानी रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दबिश देकर आरोपित शाहरुख कुरैशी को धर—दबोचा।
इस कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी रायसल सिंह, उपनिरीक्षक राम सिंह, हेड कांस्टेबल बलराम, मालीराम, तकनीकी शाखा के दिनेश कुमार तथा कांस्टेबल गजानंद, सुनील कुमार, नरेंद्र सिंह, अमित कुमार और सुरेश चंद शामिल रहे।



















