जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दांव पर लगी नकदी राशि और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है। दोनों आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश के निवासी हैं और वर्तमान में सांगानेर क्षेत्र में किराये पर रह रहे थे। उनके खिलाफ पूर्व में भी जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि झोटवाड़ा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते मुदस्सिर खां (26) निवासी विदिशा (मध्य प्रदेश) हाल निवासी सांगानेर और सलमान (28)निवासी भोपाल (मध्य प्रदेश) तथा हाल निवासी सांगानेर को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी रायसल सिंह ने बताया कि मुदस्सिर खां के खिलाफ वर्ष 2024 में थाना मालपुरा गेट में राजस्थान सार्वजनिक द्यूत अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।वहीं सलमान के खिलाफ भी वर्ष 2021 में थाना मालपुरा गेट में जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज हो चुका है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े संबंधों की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी रायसल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल बलराम और मालीराम, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, गजानंद, अमित कुमार, दीपेंद्र सिंह तथा राजेंद्र कुमार शामिल रहे।



















