जयपुर। राजधानी की ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने पारिवारिक संपत्ति विवाद में चाचा के घर में घुसकर आगजनी, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी शुभम चौधरी पर हत्या, लूट और अवैध हथियारों से जुड़े कई संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि 28 जून 2026 को राजहंस कॉलोनी निवासी संजय रावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी के अनुसार, देर रात करीब 12:30 बजे आरोपियों ने उनके घर में घुसकर खड़ी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, मकान में तोड़फोड़ की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी शुभम चौधरी का अपने चाचा संजय रावत के साथ लंबे समय से पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार सिंघल के सुपरविजन, सहायक पुलिस आयुक्त (आमेर) सुरेंद्र सिंह राणावत के निर्देशन तथा ब्रह्मपुरी थानाधिकारी हेमंत जनागल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पारंपरिक पुलिसिंग और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने 23 जुलाई को जयपुर से 10 हजार रुपए के इनामी मुख्य आरोपी शुभम चौधरी (27) और उसके साथी वंश भारद्वाज उर्फ अन्नू (21) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, शुभम चौधरी के खिलाफ सोडाला, चौमूं, महेशनगर और ब्रह्मपुरी थानों में हत्या, लूट के प्रयास, सड़क दुर्घटना तथा आर्म्स एक्ट सहित कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।



















