पांच साल से फरार एटीएम ठगी का आरोपी गिरफ्तार

0
51

जयपुर। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने करीब पांच साल से फरार चल रहे एटीएम ठगी के आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को जैसलमेर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर जयपुर लाया गया। आरोपी वर्ष 2021 में दर्ज एटीएम ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त धर्मवीर सिंह के निर्देशन में सिंधी कैंप थाना प्रभारी वंदना नरूका के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की। टीम ने सूचना संकलन और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी अब्बास खान (28) को जैसलमेर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ सिंधी कैंप थाने में वर्ष 2021 में धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सिंधी कैंप बस स्टैंड के पास स्थित एसबीआई के एटीएम को हैक कर करीब साढ़े चार लाख रुपये की ठगी की थी। इस मामले में आरोपी के अन्य साथी तारिक हुसैन, एजाज खान, मोहम्मद आसिफ और मोसिम खान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य वांछित सदस्यों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here