जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य शहर के विभिन्न इलाकों में रेकी कर पार्किंग से मास्टर-की की मदद से मोटरसाइकिल चोरी करते थे और बाद में उनकी नंबर प्लेट बदलकर इस्तेमाल करते थे।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त अंजू यादव के निर्देशन में हरमाड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र भड़ाना के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमन सोलंकी (25), केशव (21) और रवि कुशवाह (19) मौज-मस्ती और शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करते थे। आरोपी सुनसान पार्किंग स्थलों की रेकी कर मास्टर-की से मोटरसाइकिल का लॉक खोलते और मुख्य मार्ग से बचते हुए अंदरूनी रास्तों से वाहन ले जाते थे। बाद में कम कीमत में बाइक बेचकर रुपए खर्च कर देते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि बरामद मोटरसाइकिल आरजे-14 एलजे-7214 को 3 मई 2026 को महात्मा गांधी अस्पताल से तथा आरजे-05 डीएस-7557 को 6 जुलाई 2026 को जीवन रेखा अस्पताल से चोरी किया था। दोनों मामलों में संबंधित थानों में पहले से प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।



















