ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत आमेर में 481 किलो अवैध गांजा जब्त, 3347 पौधे उखाड़े

0
62

जयपुर। आमेर थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध गांजे की खेती का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने खेत से 3347 गांजे के पौधे, जिनका कुल हरा वजन 481 किलो 650 ग्राम है, जब्त कर नष्ट कर दिया। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर, सहायक पुलिस आयुक्त आमेर तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के सुपरविजन में आमेर थाना प्रभारी डॉ. गौतम डोटासरा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान एएनटीएफ से मिली सूचना पर पुलिस टीम आमेर थाना क्षेत्र के गांव छापराड़ी स्थित एक खेत पर पहुंची। जांच में खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती होती मिली। पुलिस ने जड़ सहित 3347 हरे-भरे गांजे के पौधे उखड़वाकर जब्त किए, जिनका कुल वजन 481.650 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस के अनुसार अवैध खेती मूलचंद मीणा निवासी सीतारपुरा की ढाणी, ग्राम पंचायत छापराड़ी की बताई गई है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले में आमेर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(क) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान जयसिंहपुरा खोर थाना प्रभारी रघुवीर सिंह को सौंपा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here