जयपुर। शहर को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब जयपुर मिडटाउन एवं अर्जुनलाल सेठी नगर विकास समिति द्वारा प्रस्तावित 10,000 पौधारोपण अभियान को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक परनामी से शिष्टाचार भेंट की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई तथा गोविंद मार्ग स्थित मेंटल अस्पताल परिसर में पौधारोपण करने के प्रस्ताव पर सकारात्मक सहमति बनी।
प्रतिनिधिमंडल में रोटरी क्लब जयपुर मिडटाऊन की अध्यक्ष रानू श्रीवास्तव, क्लब डायरेक्टर के.पी. बजाज, सचिव योगेश बंसल, क्लब ट्रेनर ए.के. शर्मा तथा अर्जुनलाल सेठीनगर विकास समिति के सह सचिव अभिषेक शर्मा शामिल रहे।
बैठक के दौरान अशोक परनामी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित जयपुर के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की। उन्होंने सुझाव दिया कि गोविंद मार्ग स्थित मेंटल अस्पताल परिसर में भी बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाए, जिससे परिसर हरित होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले।
प्रतिनिधिमंडल ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार-विमर्श करते हुए इसे अभियान का हिस्सा बनाने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही श्री परनामी के मार्गदर्शन और सुझावों के लिए उनका आभार जताया।
आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से प्रस्तावित 10 हजार पौधारोपण अभियान शहर के हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।


















