एमईएएम यंग सिटीजन ऑफ इंडिया क्विज़ में फातिमा शेख अव्वल,अशफाक उल्लाह खान और शेर-ए-मैसूर टीम रही आगे

0
41
Fatima Sheikh Tops MEAM Young Citizen of India Quiz
Fatima Sheikh Tops MEAM Young Citizen of India Quiz

जयपुर। विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से एमईएएम यंग सिटीजन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित सीजन-3 की इंट्रा स्कूल क्विज़ प्रतियोगिताओं की श्रृंखला के तहत सोमवार को खोह नागोरियान स्थित एंबीशन एकेडमी स्कूल में रोचक क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। कड़े मुकाबले और टाई-ब्रेकर के बाद फातिमा शेख टीम ने प्रथम, अशफाक उल्लाह खान टीम ने द्वितीय तथा शेर-ए-मैसूर टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में फातिमा शेख, अशफाक उल्लाह खान, शेर-ए-मैसूर, टीपू सुल्तान, निगत जरीन, मोहम्मद अली जौहर, सुरैया बी और जीनत महल सहित कुल आठ टीमों ने भाग लिया। सभी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। प्रथम स्थान के लिए टाई होने पर टाई-ब्रेकर के माध्यम से विजेता का फैसला किया गया, जिसमें फातिमा शेख टीम ने बाजी मारी।

एमईएएम की महासचिव सारा इस्माईल ने प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल विजेता चुनना नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, साहस और सकारात्मक सोच विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच बच्चों की झिझक दूर कर उन्हें अपने विचार प्रभावी ढंग से व्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे भविष्य की किसी भी प्रतियोगिता या चुनौती का सामना करने में उन्हें कठिनाई नहीं होती।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि पाठ्यपुस्तकों के ज्ञान के साथ-साथ अपने इतिहास, पूर्वजों और समाज की जानकारी भी आवश्यक है। शिक्षा ही जीवन में सफलता और बेहतर भविष्य का सबसे मजबूत आधार है।

स्कूल के निदेशक महमूद खान ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ आगे बढ़ना सीखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों को उपहार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य सभी प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। आयोजकों ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और जीवन में उच्च मुकाम हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here