जयपुर। राजधानी के गांधी नगर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह बम मिलने की सूचना पर सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया। मॉक ड्रिल के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 को खाली कराकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया और संदिग्ध बम को निष्क्रिय (डिफ्यूज) किया गया। इस दौरान सभी सुरक्षा एजेंसियों के रिस्पांस टाइम का भी आकलन किया गया।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को स्टेशन मास्टर की ओर से गांधी नगर रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में बम रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, सिविल डिफेंस, डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), एटीएस और दमकल विभाग सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंचीं।
सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे रेलवे स्टेशन पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर संदिग्ध बम मिलने की स्थिति का अभ्यास किया गया, जिसके बाद प्लेटफॉर्म को तत्काल खाली कराया गया। बाद में बीडीएस टीम ने बम को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर मॉकड्रिल को सफलतापूर्वक पूरा किया।
अधिकारियों के अनुसार मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, त्वरित कार्रवाई और प्रतिक्रिया समय का परीक्षण करना था। इस दौरान सभी संबंधित एजेंसियों के रिस्पांस टाइम को भी रिकॉर्ड किया गया।


















