अनधिकृत निर्माण करने वालों पर सख्ती: नगर निगम ने चार परिसरों पर लगाए ताले

0
55

जयपुर। नगर निगम जयपुर के किशनपोल जोन ने शुक्रवार को अवैध एवं बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार निर्माणाधीन भवनों को सीज कर दिया। कार्रवाई जोन उपायुक्त पवन मीणा के नेतृत्व में किशनपोल जोन और सतर्कता शाखा की संयुक्त टीम ने की।

जोन उपायुक्त पवन मीणा ने बताया कि बिना स्वीकृति भवन निर्माण एवं भवन उपविधियों (बायलॉज) के उल्लंघन की शिकायतों पर यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान एचएआर कॉलोनी, चार दरवाजा स्थित मकान संख्या 48 और 46 पर किए जा रहे अवैध निर्माण के चलते दोनों भवनों को पूर्ण रूप से सीज किया गया।

इसके अलावा चौड़ा रास्ता स्थित नमकीन वालों की गली में मकान संख्या 318-320 पर बिना स्वीकृति बनाए जा रहे तहखाने को सीज किया गया। वहीं मेन जालूपुरा रोड पर सोनू मालवान जनरल स्टोर के सामने स्थित सी-4 परिसर में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण पर तीन दुकानों एवं नव निर्माणाधीन परिसर को सीज करने की कार्रवाई की गई।

नगर निगम ने आमजन से अपील की है कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से आवश्यक स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करें, ताकि शहर का सुनियोजित एवं सुरक्षित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here