जयपुर में बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड: बिना तेल-घी तैयार हुआ हजारों श्रद्धालुओं का भोजन

0
42
New world record set in Jaipur
New world record set in Jaipur

जयपुर। मानसरोवर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दौरान स्वास्थ्य और सात्विकता का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘विश्व मंगलम सेवा संस्थान’ और ‘गौमाया’ के संयुक्त तत्वावधान में हजारों श्रद्धालुओं के लिए बिना तेल और घी के भोजन तैयार कर एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया गया है। आयोजकों का दावा है कि किसी धार्मिक आयोजन में इस स्तर पर जीरो ऑयल कुकिंग का यह दुनिया में पहला प्रयास है।

गौमाया के संस्थापक डॉ. सीताराम गुप्ता ने बताया कि संस्था ने पिछले 12 महीनों में विभिन्न अभियानों के जरिए 25 वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए थे। अब 13वें महीने में यह 26वां वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर नया इतिहास रचा गया है।

वर्ल्ड रिकॉर्ड का आधिकारिक प्रमाणपत्र मदन मोहन जी महाराज के सान्निध्य में समाजसेवी व उद्योगपति योगेश मित्तल द्वारा प्रदान किया गया। इस ऐतिहासिक भोजन का निर्माण राजा मुकीम और शेफ समीर गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुआ।

मुख्य अतिथि, संयुक्त राष्ट्र के डिजिटल डिप्लोमेट व स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर डॉ. डी.पी. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के कम तेल-घी के उपयोग के आह्वान से प्रेरित यह जीरो ऑयल कुकिंग ‘स्वस्थ भारत’ की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। मुख्य आयोजक गिरिराज प्रसाद माणक बोहरा एवं सह आयोजक जे.पी. गुप्ता ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रख्यात मोटिवेशनल गुरु डॉ. पी.एम. भारद्वाज ने कहा कि ऐसे अभियान भारत को स्वास्थ्य और संस्कारों के क्षेत्र में नई दिशा देंगे। विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी अजय गुप्ता ने कहा कि बाजार में मिलावटी तेल-घी से बढ़ती बीमारियों के बीच जीरो ऑयल कुकिंग को मिली यह स्वीकृति बेहद सराहनीय है। इस अवसर पर मुख्य यजमान राजेश चौधरी, अशोक गुप्ता, संरक्षक ओमप्रकाश एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here