जयपुर। जयपुर पुलिस आयुक्तालय के महेश नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों में लिप्त स्पा एवं मसाज सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सात स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मैनेजरों सहित आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों को सील कराने के लिए नगर निगम जयपुर को पत्र भेजा गया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने और जारी गाइडलाइन की अवहेलना की शिकायतों पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के सुपरविजन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (सोडाला) सत्येंद्र सिंह नेगी के निर्देशन में महेश नगर थानाधिकारी मदन लाल कड़वासरा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने सन एंड शाइन स्पा, यूनिक स्पा सेंटर, होटल अक्ष्यम स्पा, द एलिसियन स्पा सेंटर, ब्लू डायमंड स्पा सेंटर, लक्स स्पा सेंटर और लाइमलाइट स्पा सेंटर पर दबिश देकर जांच की। जांच में कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर मैनेजरों सहित आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई जारी है तथा संबंधित स्पा सेंटरों को सील कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


















