जयपुर। पुलिस महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे “महिला सुरक्षा संकल्प” अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जागरूकता रैलियों, संवाद कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से महिला सुरक्षा का संदेश लाखों नागरिकों तक पहुंचाया गया।
अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षकों ने महिला पुलिसकर्मियों, महिला बीट अधिकारियों और कालिका पेट्रोलिंग टीम के साथ संवाद कर उनके अनुभव, चुनौतियों और सुझावों पर चर्चा की। महिला सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी लिए गए। इसके बाद प्रदेशभर में भव्य जागरूकता रैलियां निकाली गईं, जिनमें स्कूली छात्र-छात्राओं, सुरक्षा सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, राजीविका समूह की महिलाओं, एएनएम, आशा सहयोगिनी, साथिन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतिभागियों ने महिला सुरक्षा और सम्मान से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां और बैनर लेकर मुख्य बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को जागरूक किया। कई जिलों में पैदल रैलियां निकाली गई, जबकि कई स्थानों पर वाहन रैलियों के जरिए जनसंपर्क किया गया।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत करना है। राजस्थान पुलिस जन सहभागिता के माध्यम से महिला सुरक्षा को जन आंदोलन का रूप देने के लिए लगातार प्रभावी गतिविधियां आयोजित कर रही है।



















