
जयपुर। राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) राजस्थान आगामी निकाय और पंचायत चुनाव अपने चुनाव चिन्ह पर पूरे दमखम के साथ लड़ेगा। यह निर्णय रविवार को धौलपुर स्थित हिना रिजॉर्ट में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के माध्यम से लिया गया। सम्मेलन में जिलेभर से हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों से निराश हो चुकी है तथा अब एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में राष्ट्रीय लोकदल की ओर देख रही है। कार्यकर्ताओं की भावना को देखते हुए सम्मेलन में प्रस्ताव पारित किया गया कि पार्टी आगामी निकाय और पंचायत चुनाव अपने चुनाव चिन्ह ‘हैंडपंप’ पर लड़ेगी और प्रदेशभर में अपने प्रत्याशी उतारेगी।
उन्होंने बताया कि पार्टी ने भारतीय चुनाव आयोग से हैंडपंप चुनाव चिन्ह को आरक्षित कर आवंटित करने का अनुरोध किया है। आयोग से सकारात्मक आश्वासन मिला है और जैसे ही चुनाव चिन्ह का आवंटन होगा, जयपुर में प्रदेश के सभी 41 जिलों का सम्मेलन आयोजित कर चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने कहा कि राजस्थान में पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और बड़ी संख्या में लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के नेतृत्व तथा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने हाल में राजस्थान में आयोजित जयंत चौधरी की रैलियों का उल्लेख करते हुए जिला इकाई को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। ब्रज संभाग अध्यक्ष ब्रजेश चाहर और पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल सगीर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अब्दुल सगीर ने कहा कि न्यायालय के आदेश के बाद पंचायत एवं निकाय चुनावों का रास्ता साफ हो गया है। ऐसे में सभी कार्यकर्ता आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करें और चुनावी तैयारियों में जुट जाएं।
सम्मेलन के अंत में प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह अवाना ने अतिथियों का हल, साफा और बड़ी फूल मालाओं से सम्मान किया तथा जिलेभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


















