ट्रेलर से टकराई टेम्पो ट्रैवलर: हादसे में कोलकाता के एक ही परिवार की 3 महिलाओं की मौत

0
34

जयपुर। चूरू जिले के सुजानगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बोबासर पुलिया पर सोमवार को भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 13 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब सालासर बालाजी के दर्शन कर पुष्कर जा रही श्रद्धालुओं से भरी टेम्पो ट्रैवलर की सामने से आ रहे ट्रेलर से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। मृतक और घायल सभी पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।

डीवाईएसपी दरजाराम के अनुसार कोलकाता निवासी एक ही परिवार के 17 सदस्य किराये की टेम्पो ट्रैवलर से राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा पर आए थे। सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद सभी पुष्कर धाम के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान सुजानगढ़ के निकट बोबासर पुलिया पर सामने से आ रहे ट्रेलर से उनकी गाड़ी की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर एसडीएम ओमप्रकाश वर्मा और डीवाईएसपी दरजाराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। सभी 13 घायलों को एम्बुलेंस से राजकीय बगड़िया अस्पताल, सुजानगढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने बताया कि हादसे में मृत तीनों महिलाएं कोलकाता निवासी एक ही परिवार की सदस्य थीं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद सुचारू कर दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here