बैंक मैनेजर से पिस्टल की नोक पर लूट, अपार्टमेंट की लिफ्ट में नकाबपोश बदमाशों ने छीने जेवर

0
26

जयपुर। राजधानी के जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित सिंधी कॉलोनी में सोमवार सुबह दिनदहाड़े दो नकाबपोश बदमाशों ने यूनियन बैंक के मैनेजर से पिस्टल की नोक पर सोने और हीरे के जेवर लूट लिए। यह वारदात साईं कृपा अपार्टमेंट की लिफ्ट में उस समय हुई, जब बैंक मैनेजर जिम से लौटकर घर जा रहे थे। घटना के दौरान लिफ्ट में उनकी एक पड़ोसी युवती भी मौजूद थी। वारदात के बाद आरोपित बिना नंबर प्लेट की सफेद एक्टिवा पर फरार हो गए।

आदर्श नगर सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जवाहर नगर थाना इलाके में स्थित साईं कृपा अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर रहने वाले नवीन कुमार शर्मा (37) सोमवार सुबह 8:30 बजे जिम से लौट रहे थे। लिफ्ट में उनके साथ पड़ोस की एक युवती भी थी। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे दो युवक लिफ्ट में घुस गए।

पूछने पर उन्होंने चौथी मंजिल पर रहने वाले अमित से मिलने की बात कही। जब नवीन ने बताया कि अपार्टमेंट में इस नाम का कोई व्यक्ति नहीं रहता तो एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर उनके सिर पर तान दी और सोने की चेन, कड़ा, सोने की अंगूठी तथा डायमंड रिंग उतरवा ली। इस लूट के बाद बदमाशों ने मैनेजर को धमकाते हुए लिफ्ट को वापस ग्राउंड फ्लोर पर ले जाने के लिए कहा और नीचे उतरते ही बिना नंबर प्लेट की सफेद एक्टिवा पर फरार हो गए।

इस घटना के बाद घबराए नवीन कुमार अपनी बच्ची के साथ सीढ़ियों से फ्लैट पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। उनकी पत्नी मोनिका शर्मा ने बताया कि घटना से पूरा परिवार दहशत में है और पीड़ित नवीन कुमार के पिता भरतपुर पुलिस के सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक (एसआई) हैं।

इधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। जहां पुलिस को प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए थे। एक ने लाल रंग की शर्ट-पायजामा पहन रखा था और सफेद गमछे से चेहरा ढका हुआ था, जबकि दूसरा पैंट-शर्ट में था।

पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो सामने की बिल्डिंग के कैमरों में दोनों आरोपी सफेद एक्टिवा पर भागते हुए दिखाई दिए। हालांकि अपार्टमेंट के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब होने के कारण लिफ्ट की फुटेज नहीं मिल सकी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पार्किंग में लगे डीवीआर सिस्टम से छेड़छाड़ की गई थी।

जवाहर नगर थानाधिकारी सरला यादव ने बताया कि सिंधी कॉलोनी निवासी नवीन कुमार शर्मा के साथ लूट की घटना की जानकारी मिलने पर थाने की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का जायजा लेकर पीड़ित से घटना को लेकर पूरी जानकारी ली है।

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान और उन्हें पकड़ने की कवायद जारी है। वहीं अपार्टमेंट के निवासियों का कहना है कि बदमाशों ने पहले रेकी की और पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here