जयपुर। सावन के पवित्र सोमवार पर राजधानी जयपुर के कोने-कोने में भक्ति का माहौल छाया रहा। प्रमुख तीर्थ स्थलों से लेकर शहर के कोने-कोने में स्थित शिवालयों में तड़के से ही भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
कनक घाटी स्थित प्रसिद्ध काले महादेव जी मंदिर में गलता जी से लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का महाअभिषेक किया गया। गोविंद देवजी मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी स्वयं मुख्य द्वार से मंदिर प्रांगण तक कांवड़ लेकर पहुँचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के पश्चात श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ भगवान काले महादेव का दिव्य फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया।
जंगलेश्वर महादेव बनीपार्क- मंदिर के बाहर तड़के से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने अनुशासित तरीके से जलाभिषेक कर मनोकामनाएं मांगी।
शिव शक्ति हनुमान मंदिर , त्रिपोलिया बाजार- तंवर जी का नोहरा स्थित मंदिर में ‘श्री मन्न नारायण प्रन्यास मंडल’ की ओर से विशेष आयोजन हुआ। पं. दिनेश शर्मा के आचार्यत्व में भगवान शिव का विधिवत अभिषेक और पूजन के बाद अलौकिक श्रृंगार किया गया।
राजधानी के अन्य प्रमुख मंदिरों छोटी चौपड़ स्थित रोजगारेश्वर महादेव, झोटवाड़ा रोड स्थित चमत्कारेश्वर महादेव, आमेर के भूतेश्वर महादेव और रामगंज स्थित औंढ़ा महादेव जी सहित शहर के तमाम शिवालयों में सुबह से दोपहर तक जलाभिषेक का दौर चला। संध्या समय सभी प्रमुख मंदिरों में भगवान शिव का भव्य पुष्प श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।



















