भजन गायक डॉ. कमलेश उपाध्याय के संगीतमय सुंदरकांड ने बांधा समां

0
117

जयपुर। काले हनुमान मंदिर में आयोजित संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या में मुंबई के सुप्रसिद्ध भजन गायक डॉ. कमलेश उपाध्याय ने अपनी मधुर एवं ओजस्वी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। मंदिर के महंत गोपालदास जी महाराज के सान्निध्य एवं आशीर्वाद में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संगीतमय सुंदरकांड पाठ से हुआ। जैसे ही डॉ. उपाध्याय ने श्रीराम भक्ति से ओत-प्रोत सुंदरकांड का सस्वर पाठ प्रारंभ किया, पूरा मंदिर परिसर “जय श्रीराम” और “बजरंगबली की जय” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु भी उनके साथ भक्ति गीतों में स्वर मिलाकर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लेते रहे।

डॉ. योगेंद्र राजोरिया एवं वंदना राजोरिया ने बताया कि बाबा के दरबार में आयोजित इस कार्यक्रम ने भक्तों को आध्यात्मिक आनंद की अद्भुत अनुभूति कराई। डॉ. उपाध्याय ने “हे दुख भंजन, मारुति नंदन सुन लो मेरी पुकार”, “फिर कौन बिगाड़ेगा, जब राम सहारा है” तथा “ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन” जैसे लोकप्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने हनुमान चालीसा, किष्किंधा कांड और सुंदरकांड का संगीतमय पाठ भी किया।

मंदिर के युवा योगेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु पूरी तरह भक्ति में लीन रहे और तालियों व जयघोष के साथ कलाकार का उत्साहवर्धन करते रहे। समापन पर श्रद्धालुओं ने डॉ. कमलेश उपाध्याय का अभिनंदन कर उनकी भक्तिमय प्रस्तुति की सराहना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रीराम नाम के संकीर्तन, हनुमान भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से ओत-प्रोत रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here