जयपुर। जयपुर दक्षिण की मुहाना थाना पुलिस ने वर्ष 2023 में बैंक डकैती की साजिश रचने के मामले में तीन साल से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर चुकी है, जिनका उपयोग वारदातों में किया जाता था।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि डकैती, लूट, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुहाना थाना प्रभारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर वर्ष 2023 के मामले में फरार चल रहे कमल मेहरा (23) पुत्र मोहन लाल कहार, निवासी दुगारी (बूंदी), हाल पत्रकार कॉलोनी, जयपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में सूचना मिली थी कि मुहाना मंडी गेट नंबर-4 के पास रोड लाइट के नीचे 6-7 बदमाश चोरी की मोटरसाइकिलों और हथियारों के साथ एकत्र होकर मुहाना गांव स्थित एक बैंक में डकैती की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की तो तीन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि चार आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से धारदार हथियार और झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चोरी की कई मोटरसाइकिलें बरामद की गई थीं।
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य स्मैक समेत अन्य नशीले पदार्थों के आदी थे। नशे की लत पूरी करने के लिए वे विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते, उन्हें छिपाकर रखते और बाद में औने-पौने दामों में बेच देते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह ने मुहाना, मानसरोवर, सांगानेर, सदर और शिवदासपुरा थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनसे जुड़े अपराधों के संबंध में भी जांच कर रही है।



















