बैंक कैशियर का अपहरण कर मारपीट व लूट करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार

0
36

जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने बैंक कैशियर का अपहरण कर मारपीट और लूट की सनसनीखेज वारदात में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अक्षय उर्फ गोलू मीणा को न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर जेल से गिरफ्तार किया। इस मामले में पहले एक अन्य आरोपी पायलेट मीणा को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

जयपुर दक्षिण पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज ने बताया कि एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक फागी शाखा में कैशियर अभिषेक पारीक ने 15 नवंबर 2024 को मुहाना थाने में मामला दर्ज कराया था कि ड्यूटी समाप्त कर स्कूटी से घर लौटते समय बालावाला के पास सुनसान मार्ग पर बदमाशों ने स्कॉर्पियो कार लगाकर उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद उसे जबरन कार में डालकर अपहरण कर लिया।

आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट करते हुए उसकी जेब से 2 हजार रुपये, बैग में रखे 45 हजार रुपये तथा चांदी का कड़ा लूट लिया। साथ ही यूपीआई पिन हासिल करने के लिए उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल एवं आरोपियों के संभावित रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज में दिखाई दी स्कॉर्पियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें नामजद किया गया, लेकिन वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि इस मामले का एक आरोपी पायलेट मीणा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि नामजद आरोपी अक्षय मीणा उर्फ गोलू उर्फ अक्षय चांदा (21) निवासी थूनियांधिराजपुरा (दौसा), अन्य मामले में जेल में बंद है। इस पर पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here