जयपुर। जयपुर शहर (पूर्व) की खोह नागोरियान थाना पुलिस ने गोनेर रोड स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए स्मैक की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया तांबे का शिव कलश और तांबे का नाग बरामद किया है। इसके साथ ही विशेष अभियान के तहत सात स्थायी वारंटों का भी निस्तारण किया गया।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 20 जुलाई को गोनेर रोड स्थित सैनी कॉलोनी के शिव मंदिर से तांबे का कलश, त्रिशूल और नाग देवता की प्रतिमा चोरी होने के संबंध में रविंद्र सैनी ने मामला दर्ज कराया था। इस मामले की जांच के लिए खोह नागोरियान थाना प्रभारी प्रकाश बिश्नोई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए शंकर वाटिका, मीणा पालड़ी (जामडोली) निवासी सौरभ उर्फ शेरू जंगम (24) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातें करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में कचरा बीनने की आड़ में सूने मकानों और परिसरों की रेकी करता था तथा मौका मिलते ही चोरी कर सामान कम कीमत पर बेच देता था। उसके कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया तांबे का कलश और नाग बरामद कर लिया गया है।
इधर खोह नागोरियान थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए सात स्थायी वारंटों का निस्तारण किया। कार्रवाई के दौरान गणपत लाल लखेरा, अनिल खंडेलवाल (दो स्थायी वारंट), जगदीश नारायण करोल तथा बाबर खान (तीन स्थायी वारंट) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।



















