जयपुर। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से ब्रह्मपुरी थाना परिसर में स्थानीय एनजीओ और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। यह आयोजन पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक सम्मेलन-2024 की अनुशंसा संख्या-12 और सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में अगस्त माह में चलाए जा रहे राज्य स्तरीय पब्लिक अवेयरनेस ड्राइव के तहत किया गया।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनहित को बढ़ावा देना और पुलिस की कार्यक्षमता, छवि एवं व्यावसायिकता को और मजबूत करना है। बैठक में सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े सदस्यों को थाने की कार्यप्रणाली, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, सीसीटीएनएस प्रणाली, मालखाना, महिला सहायता कक्ष और शिकायत निस्तारण व्यवस्था की जानकारी दी गई। साथ ही पुलिस और आमजन के आपसी सहयोग से कानून व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों, मानव तस्करी, बालश्रम और बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी दी गई। इसके अलावा साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने, नशा मुक्ति और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी जागरूक किया गया।
थानाधिकारी हेमंत जनागल ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना, कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करना है।



















