गीता गायत्री मंदिर में शिव महापुराण कथा का शुभारंभ: हरियाली प्रदोष तक चढ़ेंगे सवा लाख बेलपत्र

0
47

जयपुर। श्री गीता गायत्री मंदिर में पंडित राजकुमार चतुर्वेदी के सानिध्य में शिव महापुराण कथा एवं सवा लाख बेलपत्र महोत्सव का शुभारंभ रविवार को धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। आयोजन के तहत हरियाली प्रदोष पर्व (12 अगस्त) तक भगवान भोलेनाथ को सवा लाख बेलपत्र अर्पित किए जाएंगे।

मंदिर के प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ संत समाज अध्यक्ष सियाराम दास महाराज (घाट बालाजी), सुदर्शन महाराज, कोटा गणेश मंदिर के महंत, अमित मणि, लोकेश मिश्रा, श्याम मंदिर नारायणजी, नरसिंह मंदिर सहित अनेक संत-महंतों द्वारा आरती के साथ किया गया। इसके बाद विधिवत पूजन के उपरांत पोथी एवं कलश यात्रा रवाना की गई।

बारिश की हल्की फुहारों के बीच करीब 150 से अधिक महिलाओं ने पारंपरिक सतरंगी लहरिया परिधान पहनकर बैंड की मधुर धुनों और मंगल गीतों के साथ शोभायात्रा में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर द्वादश ज्योतिर्लिंग पर बेलपत्र अर्पित कर भगवान शिव का पूजन किया।

कथा के प्रथम दिन व्यासपीठ से आचार्य राजेश्वर जी महाराज ने श्रद्धालुओं को शिव महापुराण के महत्व, भगवान शिव की महिमा तथा उनकी पूजा-अर्चना की विधि का विस्तार से वर्णन किया।

आयोजकों के अनुसार श्री गीता गायत्री मंदिर में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा। वहीं 12 अगस्त को हरियाली प्रदोष तक चलने वाले महोत्सव के दौरान श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ को सवा लाख बेलपत्र अर्पित करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here