पांच साल से फरार एटीएम हैंग कर साढ़े चार लाख की ठगी करने वाले दो इनामी गिरफ्तार

0
41

जयपुर। सिंधीकैंप थाना पुलिस ने एटीएम मशीन को हैंग कर साढ़े चार लाख रुपए की ठगी करने के मामले में पांच साल से फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी मुंबई में पहचान छिपाकर रह रहे थे और जयपुर के रास्ते अपने गांव लौट रहे थे। पुलिस ने सूचना के आधार पर दोनों को जयपुर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।

जयपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि वांछित एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त सदर धर्मवीर सिंह के सुपरविजन में सिंधीकैंप थानाधिकारी वंदना नरूला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में आरोपियों ने सिंधीकैंप बस स्टैंड के पास स्थित एसबीआई के एटीएम को तकनीकी तरीके से हैंग कर करीब साढ़े चार लाख रुपए निकाल लिए थे। इस संबंध में सिंधीकैंप थाने में प्रकरण में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। लगातार फरार रहने के कारण डीसीपी जयपुर पश्चिम कार्यालय की ओर से दोनों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस टीम को आसूचना संकलन के दौरान जानकारी मिली कि दोनों आरोपी मुंबई में पहचान छिपाकर रह रहे हैं और जयपुर के रास्ते अपने गांव जाने वाले हैं। सूचना पर थानाधिकारी वंदना नरूला के निर्देशन में हेड कांस्टेबल बुद्धराम और कांस्टेबल सुनील कुमार को तैनात किया गया। पुलिस ने रेलवे स्टेशन के आसपास निगरानी रखकर दोनों आरोपियों को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लुकमानुद्दीन (40) पुत्र शाकिल मेव, निवासी गांव कल्याणपुर, थाना खोह, जिला डीग तथा जुनेद मेव (24) पुत्र हांडा मेव, निवासी गांव कल्याणपुर, थाना खोह, जिला डीग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार एटीएम हैंगिंग गिरोह के पांच अन्य सदस्यों तारीक हुसैन, एजाज खान, मोहम्मद आसिफ, मोसिम खान और अब्बास खान को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।

गिरोह का एक अन्य आरोपी अरशद खान अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस आरोपियों से गिरोह की अन्य वारदातों और ठगी के तरीके के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here