फिरौती के लिए युवक का अपहरण करने वाली गैंग को पुलिस ने दबोचा

0
36
Police nab gang that kidnapped youth for ransom.
Police nab gang that kidnapped youth for ransom.

जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने जयपुर चौपाटी से तीन युवकों का अपहरण कर मारपीट करने, नकदी व मोबाइल छीनने और एक युवक को बंधक बनाकर परिजनों से 1.54 लाख रुपए की फिरौती वसूलने के मामले शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि परिवादी शहादत खान निवासी दोबड़ा कलां, सवाई माधोपुर ने शिप्रापथ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 अगस्त की रात करीब 11.30 बजे शफाकत खान को उसके परिचित नंदू उर्फ नंदकिशोर ने चाय पीने के बहाने जयपुर चौपाटी बुलाया। शफाकत अपने दोस्त फिरोज और अजीज के साथ कैम्पर गाड़ी (एचआर 55 एएक्स 2500) से चौपाटी पहुंचा। वहां नंदकिशोर अपने 10-15 साथियों के साथ दो गाड़ियों में पहले से मौजूद था।

आरोपियों ने तीनों युवकों के साथ मारपीट की और जबरन उन्हें अपनी स्विफ्ट कार तथा उनकी कैम्पर गाड़ी में बैठा लिया। रास्ते में फिरोज से 15 हजार रुपए नकद और अजीज से फोन-पे के जरिए 3,400 रुपए ट्रांसफर करवाए गए। इसके बाद दोनों को मुहाना के पास जंगल में छोड़ दिया गया। वहीं शफाकत को आरोपियों ने बंधक बना लिया और रातभर अलग-अलग स्थानों पर घुमाते रहे।

आरोपियों ने शफाकत को जान से मारने की धमकी देकर उसके परिजनों से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1.54 लाख रुपए ट्रांसफर करवाए। फिरौती की रकम मिलने के बाद भी आरोपियों ने शफाकत को तत्काल नहीं छोड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शिप्रापथ थानाधिकारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जयपुर चौपाटी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

संदिग्ध मोबाइल नंबरों की टावर लोकेशन और आरोपियों के हुलिए के आधार पर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नंदकिशोर (22) उर्फ नंदू पुत्र बृजमोहन, निवासी दौली, थाना डिग्गी, मालपुरा, जिला टोंक,अभिषेक (22) पुत्र रामकिशोर, निवासी पतलिया, थाना खैरथल, जिला अलवर,राहुल सिंह नूआं (23) पुत्र रोहिताश कुमार, निवासी शिव कॉलोनी, चिड़ावा, जिला झुंझुनूं और लोकेश (20) उर्फ विक्की पुत्र श्योजी राम, निवासी चौसला, थाना नावां, जिला नागौर को गिरफ्तार किया। पुलिस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में शिप्रापथ थानाधिकारी हितेश शर्मा, साइबर सेल के हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार तथा कांस्टेबल मंगल और छोटूराम की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here