शराब पार्टी में विवाद के बाद युवक की सिर कुचलकर हत्या

0
48

जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक की सिर पर बड़ा पत्थर मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपी शव को चंदलाई रेलवे फाटक से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक के पास छोड़कर फरार हो गए। सोमवार सुबह करीब 7 बजे लहूलुहान हालत में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना पर शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच कराई। शव के पास खून से सना बड़ा पत्थर मिला है। प्रारंभिक जांच में युवक की सिर पर वार कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।

एसएचओ शिवदासपुरा राजेश गौत्तम ने बताया कि पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर आशंका है कि युवक शराब पार्टी में दो-तीन अन्य लोगों के साथ था। पार्टी के दौरान विवाद होने पर शराब के नशे में उसके साथियों ने सिर पर बड़े पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

मृतक मजदूर वर्ग का बताया जा रहा है और उसकी उम्र करीब 35 वर्ष है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान के प्रयास करने के साथ शराब पार्टी में शामिल लोगों और हत्या के कारणों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here