सूने मकान में दिनदहाड़े नकबजनी करने वाला बाल अपचारी निरुद्ध, चोरी का माल खरीदने वाला भी गिरफ्तार

0
56

जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने अशोक विहार कॉलोनी में सूने मकान में दिनदहाड़े हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक बालअपचारी को निरुद्ध किया है। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी ललित कश्यप (20) को भी गिरफ्तार किया है। बाल अपचारी के कब्जे से चोरी के 7 हजार 800 रुपए बरामद किए गए हैं, जबकि खरीदार से सोने-चांदी के जेवर बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि परिवादी श्याम सिंह ने 25 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह 23 अगस्त को परिवार के साथ पैतृक गांव नागौर गया था कि अशोक विहार कॉलोनी स्थित मकान पर पहुंचा तो ताले टूटे मिले। बक्से की जांच करने पर सोने की राजपूती रखड़ी, दो कान के झुमके, दो गले के सेट, सोने के मोती, अंगूठी, चांदी की भारी पायजेब, दो चांदी के लोंग और 40 हजार रुपए नकद गायब मिले।

थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध बाल अपचारी को चिह्नित कर निरुद्ध किया गया।

उसके कब्जे से 7,800 रुपए बरामद हुए। पूछताछ में बाल अपचारी ने चोरी के जेवर ललित कश्यप को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने ललित कश्यप निवासी शमशाबाद जिला फर्रुखाबाद उत्तर प्रदेश सांगानेर को गिरफ्तार किया। पुलिस अब उससे चोरी के जेवरात के संबंध में पूछताछ कर रही है और बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here