जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने रक्षाबंधन के दौरान सूने मकान में नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मकान के शौचालय और स्नानागार के दरवाजे तोड़कर चोरी कर ले गया था। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि राजू जाट ने 31 अगस्त को मुहाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 27 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर अपने पैतृक गांव चकवाड़ा फागी गया था। 30 अगस्त की दोपहर बाद वापस लौटने पर मकान के लैट्रिन और बाथरूम के दरवाजे टूटे मिले। अज्ञात बदमाश दोनों दरवाजे चोरी कर ले गया था। इस पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 813/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ की। सघन पतारसी के बाद आरोपी की पहचान कर आरोपी राहुल थुनिया निवासी जमवारामगढ़ हाल मुहाना को गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उससे अन्य चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

















