जयपुर। जवाहर सर्किल थाना इलाके में मंदिर में पूजा करने गई 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला से ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को कनाडा निवासी बताकर मंदिर में 11 हजार रुपए दान करने की बात कही और महिला को झांसे में लिया। इसके बाद आरोपी महिला के घर तक पहुंच गया और 11 हजार रुपए कपड़े में बांधकर उसमें मंगलसूत्र रखने के लिए कहा। महिला के ऊपर जाने के बाद आरोपी अपने साथी के साथ मंगलसूत्र लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
थानाधिकारी महेश कुमार गुर्जर ने बताया कि पांचशील एन्क्लेव निवासी महिला 1 सितंबर सुबह करीब 10:45 बजे कॉलोनी स्थित कृष्ण मंदिर में पूजा करने गई थी। इसी दौरान एक अनजान व्यक्ति उसके पास आया और खुद को कनाडा निवासी बताया। आरोपी ने महिला से कहा कि उसे मंदिर में 11 हजार रुपए दान करने हैं। महिला ने उसे मंदिर के पुजारी को रुपए देने की बात कही। आरोपी ने पुजारी के मौजूद नहीं होने की बात कहते हुए महिला से रुपए अपने पास रखने को कहा।
आरोपी महिला के साथ उसके घर तक पहुंच गया। उसने 11 हजार रुपए एक कपड़े में बांधे और महिला से कहा कि वह इसमें अपना मंगलसूत्र रखकर पूजा स्थल पर रख दे। महिला आरोपी की बातों में आ गई और मंगलसूत्र कपड़े में रख दिया।
इसके बाद महिला ऊपर जाकर कपड़े में रखे रुपए देखने लगी। इसी दौरान आरोपी अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर मौके से फरार हो गया। महिला को बाद में ठगी का पता चला।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी और उसके साथी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस उनके भागने के रास्ते और मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
गुप्त दान की बातों में फंसाकर महिला के कंगन उतरवाए
जवाहर नगर थाना इलाके में मंदिर में पूजा करने गई महिला को गुप्त दान की बातों में उलझाकर बदमाश उसके हाथ के कंगन उतरवा ले गया। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गया। पीड़िता ने जवाहर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थानाधिकारी सरला यादव ने बताया कि धीरज बुलानी (38), निवासी सेक्टर-4 जवाहर नगर, 1 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे घर के पास स्थित हनुमान मंदिर में पूजा करने गई थीं।
इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और बातचीत शुरू कर दी। आरोपी ने गुप्त दान की बातों में उलझाकर महिला का ध्यान भटकाया और धोखे से उसके हाथ के कंगन उतरवा लिए। महिला के अनुसार आरोपी की बातों में आकर उसने मंदिर में मौजूद लोगों के बीच ही अपने गहने उसे दे दिए। इसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मंदिर और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की पहचान के साथ उसके भागने के रास्ते और मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।



















