जयपुर। मानसरोवर थाना इलाके में किरण पथ स्थित जूते और बैग के शोरूम में बुधवार देर शाम भीषण आग लग गई। आग शोरूम की दूसरी और तीसरी मंजिल पर लगी और देखते ही देखते कॉम्पलेक्स की पांच दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग की सूचना मिलते ही मानसरोवर से पांच और 22 गोदाम से दो दमकल मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सात दमकलों ने आग पर काबू पाया।
आग ऊपरी मंजिलों पर लगी होने के कारण दमकलकर्मियों को इसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाजार की तंग गलियों के चलते 22 गोदाम से हाइड्रोलिक क्रेन भी मौके पर बुलानी पड़ी। आग के दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने दुर्घटना की आशंका को देखते हुए भीड़ को मौके से हटाया।
एहतियात के तौर पर कावेरी पथ से वीटी रोड तक बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे आग बुझाने के दौरान किसी तरह की विद्युत दुर्घटना की आशंका को टाला जा सका।
हेड कांस्टेबल महेन्द्रपाल ने बताया कि घटना के समय बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ थी। आग दो मंजिला और तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स में स्थित पांच दुकानों तक फैल गई। फिलहाल दुकान मालिकों की ओर से पुलिस को किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। आग से दुकानों में रखा सामान जलने से नुकसान हुआ है, लेकिन नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं हो सका है।

















