निजी स्कूल में छात्रों के गुटों में खूनी संघर्ष, 10वीं के छात्र पर कांच की बोतल से हमला

0
152

जयपुर। राजधानी के प्रतिष्ठित महेशवरी पब्लिक स्कूल में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा 10 के छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। स्कूल परिसर के पास हुए इस हमले में करीब 10 से 12 छात्रों के गुट ने एक अकेले छात्र को घेरकर बुरी तरह पीट दिया। मारपीट के दौरान एक छात्र ने पीड़ित के सिर पर पानी की भारी कांच की बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद हरकत में आए स्कूल प्रशासन ने लहूलुहान छात्र को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने छात्र के सिर पर आए गहरे घाव को देखते हुए करीब छह टांके लगाए हैं। चिकित्सकों के अनुसार छात्र के चेहरे और सिर पर काफी चोटें आई हैं, हालांकि वह होश में है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

इस मामले की सूचना मिलते ही जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस स्कूल गेट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से मारपीट में शामिल छात्रों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल विवाद की असली वजह साफ नहीं हो सकी है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि वे अपने स्तर पर भी मामले की जांच कर रहे हैं और दोषी छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here