जयपुर। कालवाड़ थाना क्षेत्र के भंभौरी गांव में सोमवार सुबह एक अनियंत्रित क्रेन ने पैदल जा रहे 70 वर्षीय मंदिर पुजारी रामलाल शर्मा को बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बुजुर्ग पुजारी की घटना स्थल पर ही सांसे थम गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्रेन चालक अत्यधिक शराब के नशे में धुत था और लापरवाही से वाहन दौड़ा रहा था।
दर्दनाक हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने भागने का प्रयास कर रहे शराबी चालक को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। आक्रोशित भीड़ ने क्रेन के शीशे भी चकनाचूर कर डाले। इस घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक रामलाल शर्मा का शव सड़क के बीचों-बीच रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से इलाके में काफी देर तक आवागमन पूरी तरह ठप्प रहा।
सूचना मिलते ही कालवाड़ थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आरोपी चालक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने व पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलवाने का भरोसा दिया। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।


















