साइबर अपराधियों के खिलाफ अक्टूबर में चलेगा विशेष अभियान

0
37
A special campaign against cybercriminals will be conducted in October.
A special campaign against cybercriminals will be conducted in October.

जयपुर। साइबर अपराध पर शिकंजा कसने के लिए राजस्थान पुलिस अक्टूबर में प्रदेशव्यापी विशेष अभियान चलाएगी। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने शनिवार को जयपुर कमिश्नरेट और जयपुर ग्रामीण जिले की साइबर अपराध समीक्षा बैठक में अधिकारियों को साइबर ठगों के नेटवर्क तक पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने साइबर अपराध को पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए त्वरित अनुसंधान, तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल और पीड़ितों को जल्द राहत दिलाने पर जोर दिया।

बैठक में जयपुर कमिश्नरेट के सभी पुलिस उपायुक्त, डीसीपी क्राइम, साइबर अपराध से जुड़े अधिकारी और थानाधिकारी, जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश, जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने क्षेत्रों में साइबर अपराध की स्थिति, लंबित प्रकरणों और रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

डीजीपी ने कहा कि साइबर ठगी की शिकायत मिलते ही तकनीकी और वित्तीय ट्रेल का तत्काल विश्लेषण किया जाए। पुलिस की प्रतिक्रिया जितनी तेज होगी, पीड़ित की राशि वापस दिलाने और अपराधियों तक पहुंचने की संभावना उतनी ही अधिक होगी। उन्होंने साइबर अपराध के बदलते तौर-तरीकों पर लगातार नजर रखने और पुलिसकर्मियों को नई तकनीक व अपराध के तरीकों से अपडेट रखने के निर्देश दिए। आमजन को जागरूक करने की गतिविधियों को भी और मजबूत करने पर जोर दिया।

बैठक में बताया गया कि साइबर अपराध की जांच में तेजी लाने और प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। सितंबर को साइबर सुरक्षा माह के रूप में मनाए जाने के तहत साइबर अपराध के प्रमुख स्वरूपों की समीक्षा की गई। म्यूल अकाउंट, एटीएम से अवैध निकासी, संदिग्ध बैंक शाखाओं की भूमिका, फर्जी सिम और क्रिप्टोकरेंसी ठगी के मामलों पर विशेष चर्चा हुई।

अक्टूबर में प्रस्तावित विशेष अभियान के दौरान साइबर अपराधियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त बैंक शाखाओं की निगरानी बढ़ाई जाएगी। फर्जी सिम जारी करने वाले प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) एजेंटों और विक्रेताओं के नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई होगी। साइबर ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में स्थानांतरित करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले म्यूल अकाउंट पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।

बैठक में पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था संजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था वी.के. सिंह, पुलिस आयुक्त जयपुर सचिन मित्तल, महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश, उप महानिरीक्षक साइबर क्राइम शांतनु कुमार और उप महानिरीक्षक कार्मिक एवं स्टाफ ऑफिसर कुंवर राष्ट्रदीप सहित जयपुर कमिश्नरेट के सभी डीसीपी, जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, आर4सी के पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here