जयपुर। कालवाड़ थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्मैक का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हर्षिल नागलिया उर्फ बंटी (31) कालवाड़ जयपुर पश्चिम का निवासी है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्मैक का नशा करने का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए वह दिन और रात में सुनसान स्थानों, सूने मकानों और दुकानों को निशाना बनाता था। इसके अलावा वह वाहन चोरी की वारदातें भी करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।


















