उदयपुर नगर निगम भूखंड घोटाला: लीज डीड बनवाकर बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
42

जयपुर। उदयपुर नगर निगम के बहुचर्चित भूखंड घोटाले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसओजी ने भंवर सिंह राव (51) निवासी आमेट जिला राजसमंद को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करवाए, मृतक पिता के नाम से भूखंड के दस्तावेज बनवाए और नगर निगम से अपने नाम लीज डीड जारी करवा ली। इसके बाद भूखंड बेचकर मिली रकम अपने बैंक खाते में जमा करवा ली।

एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि वर्ष 2004 में नगर विकास प्रन्यास (यूआईटी), उदयपुर से नगर निगम उदयपुर को हस्तांतरित खाली और निरस्त भूखंडों के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लीज डीड जारी करवाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में सूरजपोल थाना जिला उदयपुर में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।

एसओजी की जांच और पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में भंवर सिंह राव की भूमिका सामने आई। आरोपी भंवर सिंह राव निवासी आमेट जिला राजसमंद ने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित भूखंड संख्या 1165 के फर्जी दस्तावेज अपने मृतक पिता के नाम से तैयार करवाए।

इसके बाद इन दस्तावेजों के आधार पर नगर निगम उदयपुर से लीज डीड अपने नाम जारी करवा ली। लीज डीड हासिल करने के बाद आरोपी ने भूखंड बेच दिया और इससे प्राप्त राशि अपने बैंक खाते में जमा करवा ली।

जांच में आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाया गया। इसके बाद एसपी (एसओजी) कुंदन कंवरिया के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। एसओजी यूनिट उदयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी की टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया।

उदयपुर के चर्चित भूखंड घोटाले में एसओजी की कार्रवाई लगातार जारी है। फर्जी दस्तावेजों के जरिए लीज डीड बनवाकर भूखंड बेचने के मामले में मुख्य आरोपियों सहित अब तक 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसओजी गिरोह में शामिल अन्य लोगों के साथ ही भू-माफियाओं तथा अधिकारियों और कर्मचारियों की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here