जयपुर। बूंदी जिले के नैनवां क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार वेन ने सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार खटावदा निवासी दीपेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी मुकेश जांगिड़ घायल हो गया। वेन में सवार करवर निवासी मुकेश और ढोढी निवासी दयाराम भी घायल हुए हैं। हादसा मेगा हाईवे-148डी पर बाछोला मोड़ के पास हुआ।
नैनवां थाना प्रभारी सहदेव सिंह मीणा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस की मदद से सभी को नैनवां अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर वेन सवार मुकेश और दयाराम को बूंदी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायल का नैनवां अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक दीपेंद्र के शव को नैनवां अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक दीपेंद्र सिंह खटावदा निवासी था और नैनवां में नंबर प्लेट बनाने की दुकान लगाता था। वह रोजाना अपने साथी मुकेश जांगिड़ के साथ स्कूटी से गांव से नैनवां आता था। बुधवार सुबह भी दोनों दुकान जाने के लिए स्कूटी से निकले थे। इसी दौरान बाछोला मोड़ के पास मेगा हाईवे-148डी पर सामने से आ रही तेज रफ्तार वेन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद मेगा हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दीपेंद्र की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन नैनवां अस्पताल पहुंचे तो वहां माहौल गमगीन हो गया।
थाना प्रभारी सहदेव सिंह मीणा ने बताया कि घायलों के पर्चा बयान लिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



















