गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ व मारपीट करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार

0
44

जयपुर। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर शराब पीने का विरोध करने पर हुए विवाद के बाद घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कारों और बाइक में तोड़फोड़ की तथा घर में घुसकर पीड़ित और उसके परिजनों से मारपीट की। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि बाढ़ श्योपुर, सांगानेर सदर निवासी राजेश मीणा (22) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 सितंबर को वह अपने भाई और दोस्तों के साथ रिंग रोड स्थित ढाबे से खाना खाकर लौट रहा था। रास्ते में कुछ युवक बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर शराब पी रहे थे। उन्हें सड़क से हटने और शराब पीने से रोकने पर आरोपियों ने राजेश और करण के साथ मारपीट कर दी, जिससे दोनों घायल हो गए।

पीड़ित के अनुसार घटना के बाद देर रात करीब 1:30 बजे राजेश मीणा उर्फ करण कांदा, कृष्णा मीणा मांड्या, जीतू चौपड़ा, छोटू मीणा, शुभम खेड़ली, कौशल सहित कई युवक लाठी, डंडे और सरिये लेकर उसके घर पहुंच गए। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट, बोलेरो, स्कॉर्पियो और बाइक में तोड़फोड़ की। इसके बाद आरोपी घर में घुस गए और वहां भी मारपीट की।

थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साइबर सेल के हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार और रामसिंह की तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जुबेर रंगरेज (21) पुत्र मोहम्मद सलीम रंगरेज, निवासी सुभाष कॉलोनी, सांगानेर, थाना मालपुरा गेट को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार जुबेर रंगरेज पहले भी मारपीट के मामलों में चालान शुदा है। उसके खिलाफ सांगानेर और मालपुरा गेट थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here