जयपुर। सोडाला स्थित पुराना तेजाजी मंदिर में लोक देवता श्री सत्यवादी वीर तेजाजी महाराज का वार्षिक भव्य मेला उत्सव तेजा दशमी के अवसर पर 21 सितंबर को धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। वहीं मेले के तहत सात दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज बुधवार से हो गया। पहले दिन मंदिर से पारंपरिक बाबा की बिंदोरी निकाली गई।
मंदिर के पुजारी मुलचन्द शर्मा ने बताया कि बिंदोरी विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर प्रांगण पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर बिंदोरी का स्वागत किया। बिंदोरी में तेजाजी महाराज का निशान, लोक कलाकार और बाबा की घोड़ी आकर्षण का केंद्र रहे।
लोकगीतों से बांधा समां
बिंदोरी के दौरान राजस्थान के लोक कलाकारों ने तेजाजी महाराज के लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भी उत्साह के साथ बिंदोरी में भाग लिया।
पुजारी मुलचन्द शर्मा ने बताया कि सप्ताहभर चलने वाले आयोजन में भगताई जागरण, सत्संग जागरण, भव्य मेला उत्सव और जलझूलनी यात्रा प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
21 सितंबर को भरेगा भव्य मेला
21 सितंबर को तेजा दशमी के अवसर पर सुबह 8 बजे से भव्य मेला उत्सव आयोजित होगा। इस दौरान जयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर लोक देवता तेजाजी महाराज के दर्शन कर धोक लगाएंगे।
इसके अगले दिन 22 सितंबर को जलझूलनी एकादशी के अवसर पर शाम 5.15 बजे से भव्य जलझूलनी यात्रा निकाली जाएगी। मंदिर प्रबंधन की ओर से पूरे आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। सप्ताहभर चलने वाले धार्मिक आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।



















